नमो: क्लोनिंग केंद्र – रागा संग्रहालय

                                                                                                                                                                 239332-modi-reuters                                                                                                                

 

मुकेश बहुगुणा, अमितग्राम,

ग्राम व् पोस्ट- गुमानीवाला, .देहरादून,

उत्तराखंड

दोस्तों अभी अभी अपुन के दिमाग में एक बहुत ही शानदार विचार आया है, वो आपसे साँझा कर रहा हूँ I आईडिया ये है कि एक क्लोनिंग केंद्र खोला जाय और एक राष्ट्रीय संग्रहालय बनाया जाय I अब आप कहेंगे कि ये भी कोई आईडिया है? बहनों और भाइयो , थोड़ा धीरज रखिये, आप लोगों में धीरज की बहुत कमी है I  अब देखिये बेचारे मोदी जी को जुम्मा जुम्मा चन्द रोज़ ही तो हुए हैं पर आप जैसे अधीर लोग हर घंटे पूछते हैं कि अच्छे दिन कब आ रहे हैं ?

ये गलत बात है , एक बेचारे अकेले मोदी जी क्या क्या करें? सिर्फ मोदी जी बेचारे जुटे पड़े हैं,  बाकी का पता ही नहीं चल रहा है कि हैं भी या नहीं I मोदी जी की इस परेशानी को देख कर ही तो दिमाग में ये आईडिया आया है कि एक क्लोनिंग केंद्र बने, और लाखों की संख्या में मोदी जी के क्लोन बनाए जायI

अभी तो सिर्फ एक प्रधानमन्त्री मोदी हैं, क्लोनिंग के बाद गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री आदि सारे मंत्री मोदी जी ही होंगेI सारे देश में सांसद और विधायक भी मोदीI अब आप पूछेंगे कि सब मोदी होंगे तो बाकी पार्टी वाले क्या करेंगे?

करेंगे जी करेंगे,  बाकि सब मार्गदर्शक मंडल में सदस्य होंगेI आने वाले समय में जब सारे मार्गदर्शक स्वर्गीय हो जायेंगे तो मार्गदर्शक मंडल में भी क्लोन यानी कि मोदी जी ही होंगेI हर हर मोदी घर घर मोदी का नारा सार्थक तभी तो होगा नI

फिर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, न्यायाधीश, सरकारी वकील, सफाई पक्ष के वकील, सेना के चीफ, सचिव, प्रमुख सचिव आदि आदि से लेकर स्कूल में मास्टर से लेकर घंटी बजाने तक सब जगह मोदी I सभी विदेशी मुल्को में राजदूत भी मोदी, संयुक्त राष्ट्र संघ में भी मोदी I

क्रिकेट टीम में मोदी, हाकी ,फूटबाल आदि सब खेल में मोदी यानि कि हर हर मोदी घर घर मोदी के बाद दर दर मोदी I विधायिका मोदी, कार्यपालिका मोदी और न्यायपालिका भी मोदी जीI भारत सरकार भूतकाल की बात हो जायेगी, यत्र तत्र सर्वत्र मोदी सरकार I

कल्पना कीजिये क्या अदभुत दृश्य होगा जब अदालत में मुक़दमा चलेगा : अदालत में पीछे दीवार पर मोदी जी की मनमोहक तस्वीर टंगी होगी (मनमोहन कहना सर्वथा वर्जित है), फोटो के ऊपर नया राष्ट्रीय चिन्ह अशोक की लाट पर बैठे चार मोदी, न्यायाधीश के आसन पर बैठे मोदी ,मुकदमा चलाते सरकारी वकील मोदी, बचाव पक्ष की दलील रखने वाला वकील भी मोदी, सजा सुनाने के बाद मुजरिम को जेल ले जाते दरोगा भी मोदी, जेल में जेलर भी मोदी ,यहाँ तक की फांसी पर लटकाने वाला भी मोदी I

अब कुछ संशयवादियों का प्रश्न  होगा कि मुजरिम भी मोदी क्यों नहीं? ऐसी शंका रखने वाले निश्चित रूप से कांग्रेस, केजरीवाल या कम्युनिस्टों के एजेंट ही हो सकते हैं, नहीं तो आई एस आई के एजेंट तो जरूर ही होंगे, भला मोदी जी भी कभी मुजरिम हो सकते हैं?

तो दोस्तों , क्लोनिंग के बाद जब घर घर मोदी दर दर मोदी हो जाएगा तो अच्छे दिन क्या साल -दशक और सदी तक अच्छे हो जायेंगे

अब दूसरा आईडिया: एक संग्रहालय बनाया जाए, अब जब दर दर मोदी जी होंगे तो राहुल गाँधी, कांग्रेस के सदस्य, बाकी पार्टीयों के नेता विलुप्त होने की कगार पर आ जायेंगे, लेकिन इतिहास को समझने के लिए आने वाली पीढ़ी भी इन विलुप्तप्राय नेताओं और पार्टियों के बारे में जान सके इसलिए इनके भी क्लोन बना कर इस संग्रहालय में रखे जाएँगे I ताकि इतिहास नष्ट न होI इतिहास की समझ तो बनेगी ही साथ में इन्हें देखने का टिकट लगेगा वो अलग से, जिससे सकल घरेलु आय बढ़ेगी I क्लोनिंग केंद्र का नाम होगा – नमो क्लोनिंग केंद्र और संग्रहालय का नाम होगा रागा संग्रहालय I

Leave a comment