मेरे एक सरकारी अधिकारी मित्र ने एक किस्सा सुनाया – Himanshu Kumar

 

Himanshu

 

 

 

 

भारत नेपाल सीमा पर कस्टम विभाग के लोगों ने दो मुस्लिम पुरुषों को पकड़ लिया . उनमे से एक की जेब से पकिस्तान का बीस रूपये का नोट मिला था . इसलिये यह मान लिया गया कि यह दोनों पाकिस्तानी आतंकवादी हैं और भारत में आतंकवाद फैलाने के इरादे से घुसने की कोशिश कर रहे थे .

इन दोनों मुस्लिम पुरुषों में से एक तो ठीक से बोल भी नहीं पाता था वह मानसिक रूप से कमज़ोर था . पाकिस्तानी बीस रूपये का नोट इसी की जेब से निकला था .

साथ वाले युवक ने बताया कि यह मेरा बड़ा भाई है . हम दोनों उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले हैं . हमारी बुआ पकिस्तान में रहती है . उन्हें हमसे मिलने के लिये भारत आने का वीसा नहीं मिल रहा था .इसलिये उन्होंने हमसे कहा कि हम उनसे नेपाल में आकर मिल लें . बुआ से मिल कर लौटते समय बुआ ने मेरे इस बड़े भाई की जेब में लाड़ से बीस रूपये डाल दिये .

सीमा पर तैनात सिपाही कुछ भी सुनने को तैयार ही नहीं थे . खबर फैला दी गई कि हमारे सिपाहियों ने सीमा पार करते हुए दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को पकड़ लिया है .लोकल मीडिया और भीड़ का हुजूम इन्हें देखने के लिये जमा हो गया .

मेरे मित्र वहाँ पहुँचे उन्होंने उनसे बात करी और अपने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि मुझे लगता है कि ये लोग सच बोल रहे हैं इन्हें जाने दीजिए .

वरिष्ठ अधिकारियों ने मेरे मित्र से कहा कि आप सिद्ध कीजिये कि ये दोनों सच बोल रहे हैं ? मेरे मित्र ने उनसे कहा कि अच्छा
पांच हिन्दी फिल्मों के नाम बताओ
उनके हीरो हिरोइनों के नाम बताओ
पांच टाप हिट भारतीय फ़िल्मी गाने बताओ
भारत के पांच राज्यों के नाम बताओ
उन राज्यों की राजधानियों के नाम बताओ
उन पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम बताओ
अपने शहर के कलेक्टर का नाम बताओ

उस पकडे गये लड़के ने सारे सवालों के सही सही जवाब दे दिये .

मेरे मित्र के उच्चाधिकारी बोले यह तो कोई भी बता सकता है . मेरे मित्र ने कहा सर आप पकिस्तान के पांच हीरो और पांच हिरोइनों के नाम बता दीजिए , उनके राज्यों और उनके मुख्यमंत्रियों के नाम बता दीजिए .

मेरे मित्र की ड्यूटी का समय पूरा हो गया , वो घर वापिस आ गये .

अगले दिन जब वो वापिस अपनी ड्यूटी पर पहुँचे तो उन्होंने पूछ कि कल पकडे गये उन दोनों मुस्लिम लड़कों का क्या किया ? तो मेरे मित्र को बताया गया कि उन्हें हमने स्थानीय पुलिस को सौंप दिया . पुलिस क्या करती ? इन दोनों ने कोई जुर्म तो किया नहीं था , लेकिन पकड़ लिया था तो यूं ही छोड़ने में तो सरकार की बेइज्जती हो जाती . इसलिये थाने में रखा हुआ दस किलो गांजा पकड़े गये इन दोनों मुस्लिम पुरुषों के पास से बरामद दिखाया गया और इन दोनों को जेल भेज दिया गया .
दोनों को दस दस साल की सज़ा हो गई .

भारत में मुसलमान होना इतना आसान भी नहीं है .

Leave a comment